• Zindagi With Richa
  • 16 May, 2026
blog-image

National Dengue Day: एक छोटा सा मच्छर और अरबों रुपये का कारोबार

Prabhanshu Shukla

डेंगू (Dengue) सिर्फ़ एक बीमारी नहीं रही, बल्कि आज यह दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती हेल्थ इमरजेंसी में से एक बन चुका है. ज़रा सोचिए, दुनिया में शायद ही कोई ऐसा कीड़ा होगा जिसकी वजह से दवाइयों, मॉस्किटो रिपेलेंट्स (Mosquito Repellents), स्प्रे, कॉइल, इलेक्ट्रिक रैकेट और फ्यूमिगेशन मशीनों का इतना बड़ा बाज़ार खड़ा हुआ हो.

आज सिर्फ़ मच्छर भगाने वाले प्रोडक्ट्स की ग्लोबल वैल्यू ही अरबों डॉलर में पहुंच चुकी है और यह हर साल बढ़ती जा रही है. इंसान लगातार अपनी जेब खाली कर रहा है सिर्फ़ एक छोटे से मच्छर से बचने के लिए. लेकिन असली चिंता यह बाज़ार नहीं, बल्कि वह जानलेवा बीमारी है जो ये मच्छर अपने साथ लेकर आता है.

भारत में हर साल 16 मई को National Dengue Day मनाया जाता है. यह दिन महज़ एक सरकारी जागरूकता कैंपेन नहीं है, बल्कि एक गंभीर चेतावनी है कि अगर हमने समय रहते सावधानी नहीं बरती, तो डेंगू आने वाले सालों में और भी बड़ा स्वास्थ्य संकट बन सकता है.

डेंगू आख़िर है क्या?

डेंगू एक वायरल इन्फेक्शन है, जो ‘एडीज़ इजिप्टी’ (Aedes aegypti) नाम के मच्छर के काटने से फैलता है. यह मच्छर साफ़ और रुके हुए पानी में पनपता है और ज़्यादातर दिन के समय ही काटता है. यही वजह है कि हमारे घरों की छतों पर रखे कूलर, खाली गमले, पुराने टायर, बाल्टियां और पानी की टंकियां इनके अंडे देने की सबसे सुरक्षित और पसंदीदा जगह बन जाती हैं.

दुनिया और भारत में कैसे फैला डेंगू का आतंक?

डेंगू जैसी बीमारी का ज़िक्र सदियों पुराने चीनी मेडिकल रिकॉर्ड्स में भी मिलता है. लेकिन मॉडर्न मेडिकल साइंस ने इसे 18वीं और 19वीं सदी के दौरान एक अलग बीमारी के रूप में पहचानना शुरू किया. दूसरे विश्व युद्ध के बाद तेज़ी से बढ़ते शहरीकरण और ख़राब साफ़-सफाई ने डेंगू फैलाने वाले मच्छरों को पूरी दुनिया में फैलने का मौका दे दिया. आज विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, दुनिया की लगभग आधी आबादी ऐसे इलाक़ों में रहती है जहां डेंगू का भारी ख़तरा है.

बात करें भारत की, तो यहां डेंगू के प्रमाणित मामले 1940 के दशक से सामने आने लगे थे. लेकिन 1963-64 में कोलकाता में आए बड़े आउटब्रेक ने पहली बार इसे एक राष्ट्रीय चिंता बना दिया. इसके बाद 1996 में दिल्ली में आया डेंगू का आउटब्रेक भारत के सबसे गंभीर मामलों में गिना जाता है. आज स्थिति यह है कि हर साल भारत के अलग-अलग राज्यों से डेंगू के हज़ारों मामले सामने आते हैं.

डेंगू इतना ख़तरनाक क्यों माना जाता है?

अक्सर लोग डेंगू को एक सामान्य बुखार समझने की भूल कर बैठते हैं. डेंगू होने पर तेज़ बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर और जोड़ों में भयंकर दर्द, कमज़ोरी, उल्टियां और त्वचा पर लाल दाने आना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं.

लेकिन बात तब बिगड़ती है जब यह ‘डेंगू हेमरेजिक फीवर’ (Dengue Hemorrhagic Fever) या ‘डेंगू शॉक सिंड्रोम’ (Dengue Shock Syndrome) का रूप ले लेता है. इसमें शरीर के अंदर ब्लीडिंग शुरू हो सकती है, ब्लड प्रेशर अचानक गिर जाता है और शरीर के ऑर्गन तक काम करना बंद कर सकते हैं.

सबसे बड़ी परेशानी यह है कि आज तक मेडिकल साइंस के पास डेंगू का कोई 100% पक्का एंटीवायरल इलाज नहीं है. इसका इलाज मुख्य रूप से शरीर में पानी की कमी न होने देना (Hydration) और सही मेडिकल निगरानी पर ही टिका है.

हर साल दुनिया को कितना प्रभावित करता है डेंगू?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़े डराने वाले हैं. हर साल दुनिया में लगभग 10 से 40 करोड़ लोग डेंगू का शिकार होते हैं और लाखों लोगों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ता है. जलवायु परिवर्तन (Climate Change) ने आग में घी डालने का काम किया है. बढ़ता तापमान और बेमौसम बारिश मच्छरों की ब्रीडिंग को और भी मज़बूत बना रहे हैं.

बचाव ही है असली इलाज

भारत सरकार हर साल 16 मई को ‘National Dengue Day’ मनाती है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को समझाना है कि इस बीमारी का सबसे बड़ा इलाज ‘बचाव’ ही है.

डेंगू से बचने के कुछ सबसे ज़रूरी तरीक़े:

  • अपने घर या आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें.
  • कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें और साफ़ करें.
  • पानी की टंकियों को हमेशा अच्छी तरह ढंककर रखें.
  • बाहर निकलते समय पूरे आस्तीन (Full sleeves) वाले कपड़े पहनें.
  • मॉस्किटो रिपेलेंट्स का इस्तेमाल करें.
  • बुखार या बदन दर्द होने पर ख़ुद डॉक्टर न बनें, तुरंत अस्पताल जाएं.

National Dengue Day सिर्फ़ एक तारीख़ नहीं है. डेंगू अब एक सीज़नल बीमारी से बढ़कर ग्लोबल हेल्थ चैलेंज बन गया है. यह दिन हमें याद दिलाता है कि हेल्थ केवल अस्पतालों या सरकार की ज़िम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सबकी सामूहिक ज़िम्मेदारी है. क्योंकि आपकी एक छोटी सी लापरवाही, जैसे घर की छत पर जमा थोड़ा सा पानी, किसी परिवार के लिए ज़िंदगी भर का दर्द बन सकता है.

Comments

Write Your Comment