गुढ़ी पाड़वा 2026 में कैसे सजाएं गुढ़ी? जानें इसका इतिहास और नीम के फ़ायदे
Zindagi With Richa
लेखिका- सुनीता थत्ते
मार्च के महीने में होली के ठीक 15 दिन बाद ‘गुढ़ी पाड़वा’ (Gudi Padwa) का त्योहार आता है. आमतौर पर यह मार्च के अंत या अप्रैल महीने की शुरुआत में मनाया जाता है. महाराष्ट्र में यह दिन नववर्ष (New Year) के रूप में मनाया जाता है और इसका सांस्कृतिक व ऐतिहासिक महत्व बहुत गहरा है.
इस दिन से हिंदू नववर्ष का आरंभ माना जाता है. वसंत ऋतु के इस सुहावने मौसम में जब प्रकृति चारों ओर से खिल उठती है, तब प्रसन्न चित्त से नए साल का स्वागत किया जाता है. आइए जानते हैं गुढ़ी पाड़वा का इतिहास, इसे मनाने का तरीका और इस दिन से जुड़ी कुछ बेहद रोचक परंपराएं.
गुढ़ी पाड़वा का इतिहास: क्यों मनाते हैं यह नववर्ष?
गुढ़ी पाड़वा को मनाने के पीछे कई पौराणिक और ऐतिहासिक कारण हैं, जो हिंदू धर्म की विजय पताका की ओर इशारा करते हैं:
- सृष्टि की रचना: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना की थी. महाराष्ट्र और कई अन्य राज्यों के लोग इस दिन से ही नए साल का शुरुआत मानते हैं.
- श्रीराम का विजयोत्सव: कुछ लोग गुढ़ी पाड़वा के अवसर पर विजय पताका फहराने को भगवान श्रीराम की विजय यात्रा से जोड़ते हैं. जब श्रीराम चौदह वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटे, तो लोगों ने अपने घरों के बाहर तोरण और ‘गुढ़ी’ लहराकर उनका स्वागत किया था.
- सम्राट विक्रमादित्य और विक्रम संवत्: जब उज्जैनी के सम्राट चंद्रगुप्त विक्रमादित्य चक्रवर्ती सम्राट बने, तब लोगों ने विजय पताका लहराकर उनका स्वागत किया था. उन्हीं के द्वारा ‘विक्रम संवत्’ प्रारंभ हुआ, जिसे आज हम सनातनी नववर्ष के रूप में मनाते हैं.
- शिवाजी महाराज की विजय पताका: कुछ लोग इसे छत्रपति शिवाजी महाराज की विजय पताका के रूप में भी देखते हैं.
कारण जो भी हों, गुढ़ी प्राचीन परंपरा से ही महाराष्ट्र में नववर्ष के स्वागत में लगाई जाती रही है.
कैसे सजाई जाती है ‘गुढ़ी’?
नववर्ष के स्वरूप को साकार करने के लिए घर के मुख्य द्वार को बंदनवार (तोरण) से सजाया जाता है. पुराने ज़माने में द्वार के दोनों ओर केले के तने लगाए जाते थे.
गुढ़ी बनाने की प्रक्रिया बेहद खास होती है:
- एक छड़ी में नई साड़ी पहनाई जाती है.
- इसके ऊपर चांदी या तांबे का लोटा उल्टा रखा जाता है.
- इसे मोगरे की माला और चीनी के खिलौनों की माला से सजाया जाता है.
- इसके सिर पर कड़वे नीम की डंडी बांधी जाती है.
यह हिंदू धर्म की विजय पताका के रूप में हर दरवाज़े पर सजाई जाती है और इसकी विधिवत पूजा की जाती है. आज के समय की फ़्लैट संस्कृति में भी लोग अपनी बालकनी या खिड़की में इसे अवश्य लगाते हैं. पूरा परिवार एक साथ पूजा कर ईश्वर से नववर्ष के सुखद और आनंदमय होने का आशीर्वाद मांगता है.
वसंत ऋतु और नीम का खास कनेक्शन
गुढ़ी पाड़वा वसंत ऋतु में आता है. इन महीनों में मौसम का बदलाव तेज़ी से होता है. ऐसे में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) बढ़ाने, पेट को ठीक रखने और त्वचा की सुरक्षा के लिए ‘नीम’ बहुत उपयोगी है.
यही कारण है कि गुढ़ी के सिर पर नीम की पत्तियां सजाई जाती हैं. इस दिन विशेष रूप से कड़वे नीम की पत्तियों की चटनी बनाई जाती है. कुछ लोग तो नीम का सेवन पूरे एक महीने तक करते हैं. उदाहरण के तौर पर, कुछ घरों में इसके फूलों की सूखी चटनी रोज़ भोजन के साथ खाई जाती है, जिसे तिल, खसखस और गरी (नारियल) डालकर बहुत स्वादिष्ट बनाया जाता है.
श्रीखंड-पूरी और महाराष्ट्रीयन थाली का ज़ायका
इस दिन महाराष्ट्र में कोई व्रत नहीं रखता. भोजन की बात करें तो श्रीखंड-पूरी इस दिन का विशेष व्यंजन है. ज़्यादातर घरों में दाल, चावल, सब्ज़ी और श्रीखंड-पूरी बनती है.
महाराष्ट्र की भोजन संस्कृति में एक बात बेहद खास है और वो है, पूरी के साथ दाल-चावल का बनना. पके हुए चावल, उस पर पीली अरहर की दाल और शुद्ध घी, इसके बिना महाराष्ट्र में कोई भी शुभ भोजन पूरा नहीं होता. चावल खाए बिना भोजन आगे नहीं बढ़ता, फिर चाहे कितने भी पकवान क्यों न बने हों.
हिंदू कैलेंडर की 6 ऋतुएं और त्योहार
यह नववर्ष का प्रारंभ है. सनातन परंपरा में 12 महीनों को 6 ऋतुओं में बंटा गया है और इन्हीं ऋतुओं के अनुसार हमारे व्रत और त्योहार आते हैं:
- वसंत ऋतु: चैत्र – वैशाख
- ग्रीष्म ऋतु: ज्येष्ठ – आषाढ़
- वर्षा ऋतु: श्रावण – भाद्रपद
- शरद ऋतु: आश्विन – कार्तिक
- शिशिर ऋतु: मार्गशीर्ष – पौष
- हेमंत ऋतु: माघ – फाल्गुन
गुढ़ी पाड़वा हमें अपनी जड़ों, अपनी संस्कृति और प्रकृति के साथ जुड़ने का अवसर देता है. आप सभी को इस पावन नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं!