जनरेशन गैप: क्या नई पीढ़ी सच में पुरानी पीढ़ी से कम जानती है?
Prabhanshu Shukla
हमारे समाज में एक बात बहुत आम है- पुरानी पीढ़ी अक्सर नई पीढ़ी को कम समझदार, कम अनुभवी या कभी-कभी गैर-ज़िम्मेदार मान लेती है. ये केवल आज की बात नहीं है, बल्कि हर दौर में ऐसा होता आया है.
सवाल ये है कि ऐसा क्यों होता है? क्या इसके पीछे सिर्फ़ जनरेशन गैप है या कुछ और? क्या वाकई नई पीढ़ी कम जानती है, या फिर ये सोच समय, अनुभव और नज़रिए के फ़र्क से पैदा होती है? इस सवाल को समझने के लिए हमें सिर्फ़ सतही बातों में नहीं, बल्कि इसके मनोविज्ञान की गहराई में जाना होगा.
अनुभव बनाम नया नज़रिया: असली टकराव
मेरे फ़ोटोग्राफ़ी वाले सर, जिनकी उम्र लगभग 70 साल है, एक दिलचस्प बात कहा करते थे, “एक एमेच्योर (Amateur) फ़ोटोग्राफ़र कई बार एक एक्सपीरिएंस फ़ोटोग्राफ़र से बेहतर तस्वीर खींच देता है, क्योंकि वो तय नियमों से बंधा नहीं होता. उसकी आंखों को जो अच्छा लगता है, वो उसे कैप्चर कर लेता है. यही है बिगिनर्स एडवांटेज.”
ये बात सिर्फ़ फ़ोटोग्राफ़ी पर ही लागू नहीं होती, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में दिखाई देती है. जब कोई इंसान लंबे समय तक किसी काम को करता है, तो उसका दिमाग एक पैटर्न में ढल जाता है. वो उन्हीं तरीक़ों को अपनाता है जो पहले काम कर चुके हैं. इसे हम एक तरह का “ऑटोपायलट मोड” कह सकते हैं.
इसके उलट, नई पीढ़ी के पास वो बंधन नहीं होते. वो चीज़ों को नए नज़रिए से देखते हैं, प्रयोग करते हैं और कई बार वही नया तरीक़ा उन्हें अलग और बेहतर बना देता है. इसका मतलब ये नहीं कि अनुभव बेकार है, बल्कि ये है कि ‘नया नज़रिया’ भी उतना ही महत्वपूर्ण है.
बुज़ुर्ग आख़िर ऐसा क्यों सोचते हैं?
अब सवाल आता है कि आख़िर बुज़ुर्गों को ऐसा क्यों लगता है कि नई पीढ़ी कम जानती है? इसके पीछे 4 मुख्य कारण हैं:
- अनुभव का भार: बुज़ुर्गों ने जीवन में बहुत कुछ देखा होता है.संघर्ष, असफलताएं, और धीरे-धीरे हासिल की गई समझ. उनके लिए ज्ञान एक लंबी प्रक्रिया का परिणाम होता है. इसलिए जब वो नई पीढ़ी को जल्दी फ़ैसले लेते देखते हैं, तो उन्हें लगता है कि ये जल्दबाज़ी है या समझ की कमी है.
- बदलता हुआ समय: हर पीढ़ी का अपना एक संदर्भ होता है. आज की दुनिया तकनीक, इंटरनेट और तेज़ी से बदलते ट्रेंड्स से भरी हुई है. जो चीज़ें पहले महत्वपूर्ण थीं, आज उतनी ज़रूरी नहीं रह गई हैं. इस बदलाव को समझना हर किसी के लिए आसान नहीं होता.
- कंट्रोल खोने का डर: एक मनोवैज्ञानिक कारण ये भी है कि जब नई पीढ़ी अपने फ़ैसले खुद लेने लगती है, तो पुरानी पीढ़ी को लगता है कि उनकी भूमिका कम हो रही है. ये एक स्वाभाविक मानवीय प्रतिक्रिया है, जो कई बार आलोचना के रूप में सामने आती है.
- वैल्यू सिस्टम का अंतर: पुरानी पीढ़ी के लिए स्थिरता, धैर्य और परंपराएं ज़्यादा महत्वपूर्ण होती हैं. वहीं नई पीढ़ी स्वतंत्रता, एक्सप्रेशन और तेज़ी को प्राथमिकता देती है. जब ये दोनों वैल्यू टकराते हैं, तो ग़लतफ़हमियां पैदा होती हैं.
क्या नई पीढ़ी सच में कमज़ोर है?
ये मान लेना कि नई पीढ़ी कमज़ोर या कम समझदार है, एक बहुत ही सरल दृष्टिकोण है. असल में उनकी ताक़त कुछ और है:
- अलग स्किल्स, अलग ताक़त: नई पीढ़ी डिजिटल रूप से ज़्यादा सक्षम है. वो नई तकनीकों को जल्दी अपनाते हैं, मल्टीटास्किंग कर सकते हैं और तेज़ी से सीखते हैं.
- ज़्यादा एक्सपोज़र: आज के युवा इंटरनेट के माध्यम से पूरी दुनिया से जुड़े हुए हैं. उन्हें कम उम्र में ही अलग-अलग विचारों, संस्कृतियों और संभावनाओं का अनुभव मिल जाता है.
- सवाल पूछने की हिम्मत: नई पीढ़ी हर चीज़ को आंख बंद करके स्वीकार नहीं करती. वो सवाल पूछते हैं और तर्क करते हैं. कई बार इसे “असंस्कार” समझ लिया जाता है, जबकि असल में ये जिज्ञासा और जागरूकता का संकेत है.
गैप कहां बनता है और इसे कैसे कम करें?
असल समस्या ये नहीं है कि कौन सही है और कौन गलत. असली समस्या है, कम्युनिकेशन गैप.
जब बुज़ुर्ग अपने अनुभव को ‘अंतिम सत्य’ मान लेते हैं और युवा अपने नज़रिए को ही सही समझते हैं, तब दोनों के बीच दूरी बढ़ जाती है. इसे कम करने के लिए ये 4 क़दम ज़रूरी हैं:
- संवाद : दोनों पीढ़ियों को एक-दूसरे की बात सुननी होगी. सिर्फ़ जवाब देने के लिए नहीं, बल्कि समझने के लिए.
- अनुभव और नएपन का संतुलन: पुरानी पीढ़ी का अनुभव और नई पीढ़ी का नया नज़रिया मिल जाएं, तो बेहतरीन परिणाम निकल सकते हैं. एक सिखा सकता है “क्या काम करता है” और दूसरा दिखा सकता है “क्या नया काम कर सकता है”.
- जजमेंट की जगह समझ: हर पीढ़ी अपने समय की उपज होती है. इसलिए तुलना करने के बजाय समझने की कोशिश ज़्यादा ज़रूरी है.
- भरोसा: हमें नई पीढ़ी पर भरोसा करना सीखना होगा. हर बार अनुभव ही सही नहीं होता और हर बार नया तरीक़ा ग़लत नहीं होता.
जड़ें और पंख
अंग्रेज़ी में एक कहावत है— “The more you know, the more you realize how much you don’t know.” लेकिन एक और सच्चाई भी है, “The more you ‘know’, the more likely you are to miss what’s new.”
जब इंसान बहुत अनुभव हासिल कर लेता है, तो कभी-कभी वो कठोर हो जाता है. वो नए विचारों को उसी खुलेपन से नहीं देख पाता, जैसा उसने शुरुआत में देखा था. इसलिए ज़रूरी है कि अनुभव के साथ लचीलापन भी बना रहे.
नई और पुरानी पीढ़ी के बीच का अंतर कोई समस्या नहीं है, ये एक प्राकृतिक प्रक्रिया है. ज़रूरत इस बात की है कि हम इस अंतर को टकराव के रूप में न देखें, बल्कि एक अवसर के रूप में देखें क्योंकि अंत में, न तो नई पीढ़ी कम जानती है और न ही पुरानी पीढ़ी ग़लत है, बस दोनों की दुनिया अलग है.
समझदारी इसी में है कि हम एक-दूसरे की दुनिया को समझने की कोशिश करें… क्योंकि अगर बुज़ुर्गों के पास ‘जड़ें’ हैं, तो युवाओं के पास ‘पंख’ हैं.