blog-image

संत नामदेव की कथा: जब बालक की ज़िद पर ख़ुद विठ्ठल ने किया भोजन

Sunita Thatte

भक्ति जब निश्छल और बालसुलभ होती है, तो भगवान को भी अपने भक्त की ज़िद के आगे झुकना पड़ता है. तेरहवीं शताब्दी के महान संत नामदेव का जीवन इसी अद्भुत प्रेम और समर्पण की जीती-जागती मिसाल है. उनकी भक्ति ऐसी थी कि पंढरपुर के भगवान विठ्ठल न केवल उनके हाथों से भोजन करते थे, बल्कि ज़रूरत पड़ने पर ख़ुद उनका रूप धरकर उनके घर के काम भी कर आते थे.

जब बालक नाम्या ने विठ्ठल को खिलाया भोजन

एक दोपहर मां गोनाई ने बालक नामदेव को आवाज़ लगाई, “अरे नाम्या, आज ज़रा विठ्ठल को भोग लगाकर तो आ. तेरे बाबा आज हाट गए हैं. दोपहर की थाली लेकर तुझे मंदिर जाना है. अरे, सुन रहा है कि जनाई से खेलता ही रहेगा?”

नामदेव ने तुरंत उत्तर दिया, “आता हूं आई! हां, मैं आज थाली लेकर मंदिर जाता हूं. तुम थाली लगाकर तो दो. मेरे साथ जनाई भी चली जाएगी. वह बाहर बैठ जाएगी. मैं विठ्ठल को भोजन कराकर आ जाऊंगा.”

गोनाई को इस पर कोई आश्चर्य नहीं हुआ. नामदेव शैतान ज़रूर था, लेकिन आज्ञाकारी भी था. गोनाई ने थाली परोसी और कपड़े से ढककर उसे दे दी. साथ में घर में पली-बढ़ी अनाथ कन्या जनाबाई (जनाई) को भी भेज दिया. जनाई घर का आंगन साफ़ करती, चक्की पीसती और नामदेव को अक्सर डांट से बचा लेती थी. रास्ते में जनाई ने नाम्या को चेताया कि वह कोई शैतानी न करे और जल्दी से भोग लगाकर बाहर आ जाए.

मंदिर पहुंचकर जनाई सीढ़ियों पर बैठ गई और नामदेव अंदर चला गया. उसने भगवान विठ्ठल के सामने थाली रखी, कपड़ा हटाया और बड़े भोलेपन से बोला, “चलो विठ्ठल, खाना खा लो. आज आई ने बहुत अच्छा खाना बनाया है.”

अब पत्थर की मूर्ति क्या बोलती? नामदेव देर तक बैठा इंतज़ार करता रहा. बाहर से जनाई बार-बार आवाज़ लगा रही थी कि देर हो रही है और आई गुस्सा करेगी. तब नामदेव ने विठ्ठल की ओर मुड़कर एक छड़ी उठाई और ज़िद पकड़ ली—“अब तुम ज़्यादा देर मत करो. मुझे भी भूख लग रही है. अगर तुम खाना नहीं खाओगे, तो मैं यहीं बैठा रहूंगा, घर नहीं जाऊंगा.”

थोड़ी ही देर में मंदिर के भीतर एक आवाज़ गूंजी, “मैं तुम्हारे सामने नहीं आ सकता. तुम आंखें मूंद लो, मैं खाना खा लूंगा.” नामदेव ने आंखें बंद कर लीं. जब उसने आंखें खोलीं, तो थाली बिल्कुल ख़ाली थी.

ख़ाली थाली देखकर जनाई को लगा कि नाम्या ने ख़ुद सारा खाना खा लिया है. घर पहुंचने पर मां गोनाई भी हैरान रह गईं, क्योंकि रोज़ तो बाबा भोग लगाकर प्रसाद वापस लाते थे. लेकिन नामदेव ने भोलेपन से कहा कि सारा खाना विठोबा ने खाया है. रात को जब नामदेव के पिता दामाजी शेट्टी (जो पेशे से दर्ज़ी थे) हाट से लौटे, तो गोनाई ने उन्हें सारी बात बताई. दामाजी अचंभित रह गए और बोले, “अपना नाम्या विशेष भक्ति लेकर पैदा हुआ है. यह बात किसी को बताना मत, वरना लोग मज़ाक उड़ाएंगे. अगर सच में विठोबा ने भोजन किया है, तो उनकी इस पर विशेष कृपा है.”

जब नामदेव का रूप धरकर ख़ुद घर आए भगवान विठ्ठल

बड़े होने पर नामदेव की भक्ति और गहरी होती गई. वे चंद्रभागा नदी के तट पर समाधि में लीन रहते और सुंदर अभंग रचते. उधर जनाबाई भी चक्की पीसते और गोबर थापते हुए विठोबा के अभंग गाती रहती थीं.

समय के साथ नामदेव का विवाह राजाई से हुआ. वे भी अपने पति की भक्ति से परिचित थीं. जब उनके पहले बच्चे का नामकरण संस्कार था, तो राजाई ने नामदेव से विनती की कि वे स्वयं बच्चे का नाम रखें. शाम को विधि शुरू हुई, लेकिन नामदेव का कोई पता नहीं था. तभी बीच में नामदेव आए, पालने में बच्चे के कान में नाम रखा, राजाई के सिर पर स्नेह से हाथ रखा और बाहर आंगन में चले गए.

आंगन में जनाई चक्की पीस रही थी. नामदेव उसके साथ चक्की चलाने लगे. जनाई ने कहा, “नाम्या, आज तूने आने में बहुत देर कर दी.” यह कहकर उसने जब ऊपर देखा, तो उसे नामदेव के सांवले नेत्रों के बजाय विठोबा के चंचल नेत्र दिखाई दिए. वह समझ गई कि आज नामदेव की जगह स्वयं भगवान विठ्ठल आए हैं. उसकी आंखें प्रेम से भर आईं.

कुछ देर बाद असली नामदेव भागते हुए घर पहुंचे. वे चंद्रभागा के तट पर समाधि में थे और अचानक उन्हें राजाई की बात याद आई. उन्होंने चुपके से जनाबाई से पूछा कि कहीं राजाई गुस्सा तो नहीं हुई? तब जनाई ने उन्हें सारा सच बताया—“अरे, तुझे बचाने के लिए विठोबा स्वयं तुम्हारा रूप धरकर आए थे. नाम्या, तू कितना भाग्यवान है!” यह सुनकर नामदेव की आंखों से अश्रुधारा बह निकली.

भक्ति आंदोलन और गुरु ग्रंथ साहिब में योगदान

संत नामदेव का जन्म कार्तिक शुक्ल एकादशी (प्रबोधिनी एकादशी) को माना जाता है. उनके समय में संत जनाबाई और संत चोखा मेला (जो तत्कालीन सामाजिक व्यवस्था में निम्न माने जाने वाले समुदाय से थे) की विठोबा के प्रति भक्ति भी उतनी ही प्रगाढ़ थी.

उस काल में संतश्रेष्ठ ज्ञानेश्वर अपने भाई-बहनों के साथ पंढरपुर पधारे थे. वे नामदेव की भक्ति से अत्यंत प्रभावित थे और उन्हें अपने साथ काशी यात्रा व अपनी समाधि के समय भी ले गए थे. संत ज्ञानेश्वर की गुरु-परंपरा से जुड़े विसोबा खेचर नामदेव के गुरु बने.

संत नामदेव ने न केवल महाराष्ट्र, बल्कि पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में जाति-बंधनों से परे केवल प्रेम और उत्कट भक्ति का मार्ग दिखाया. उनकी वाणी और पदों का सम्मान इतना गहरा है कि सिखों के पवित्र धर्मग्रंथ ‘गुरु ग्रंथ साहिब’ में भी उनका उल्लेख मिलता है. संत नामदेव की कथा मनमोहक होती हैं.

(विशेष नोट: इस प्रसंग में मां को ‘तुम’ कहकर संबोधित किया गया है. मराठी संस्कृति में ‘आई’ सबसे निकट और स्नेहिल संबंध है, जिसे किसी औपचारिकता से दूर माना जाता है. अतः इसे उसी स्नेह के भाव में पढ़ा जाए.)

Sunita Thatte

Author & Contributor at Zindagi With Richa, writing inspiring stories on Indian traditions, culture, real-life heroes, and emotional wellness.

Comments

Write Your Comment