• Zindagi With Richa
  • 21 March, 2026
blog-image
Zindagi With Richa

लेखिका- प्रकृति त्रिपाठी
हमारे रोज़मर्रा के जीवन में अक्सर हमारी आंखों के सामने ऐसा बहुत कुछ घटित होता रहता है, जिसमें नियमों का उल्लंघन हो रहा होता है, और हम बस यह सोचकर नहीं बोलते कि छोड़ो, यह हमारा मामला नहीं है. शायद हम अंदर से असहज होते हैं, पर अक्सर नज़रअंदाज़ ही करते हैं या यह सोच लेते हैं कि बहस कौन करे.

इसके बहुत से कारण हो सकते हैं, लेकिन हाल ही में केरल की सड़क पर एक मिसाल कायम हुई है, जिसकी कहानी पढ़कर आप सभी प्रेरित होंगे.

एक 72 साल की बुज़ुर्ग महिला ने यह साबित कर दिया कि जागरूक नागरिक ही समाज की असली ताकत होते हैं. प्रभावती अम्मा ने फ़ुटपाथ पर स्कूटर चलाकर ट्रैफ़िक नियम तोड़ रहे युवक को न केवल रोका, बल्कि उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई भी करवा दी. उनका यह साहसिक कदम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और देखते ही देखते नेटिज़न्स ने उनका नाम “फ़ाइटर अम्मा” रख दिया. आज फ़ाइटर अम्मा केरल में ही नहीं पूरे देश में मशहूर हैं.

फ़ुटपाथ पर ब्लॉक किया स्कूटर का रास्ता

यह घटना कोझिकोड के एरंजिपालम (Eranjipalam) ट्रैफ़िक सिग्नल की है. एक वायरल वीडियो के मुताबिक, एक स्कूटर सवार सिग्नल से बचने के लिए फ़ुटपाथ का इस्तेमाल कर रहा था.

प्रभावती अम्मा उस समय फ़ुटपाथ पर चल रहीं थीं. जब स्कूटर सवार ने उनसे हटने को कहा, तो उन्होंने साफ़ इंकार कर दिया. वह मज़बूती से वहीं खड़ी रहीं और अपने पैरों से स्कूटर का रास्ता रोक दिया. जब युवक ने आगे बढ़ने की कोशिश की, तब अम्मा ने तुरंत अपना मोबाइल फ़ोन निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया.

प्रभावती अम्मा ने बताया कि उनके सामने ऐसे मामले अक्सर होते रहते हैं और वह लोगों को नियमों का पालन करने की सीख देती रहती हैं.

ट्रैफ़िक अम्मा में कहां से आया यह साहस?

प्रभावती अम्मा यानी फ़ाइटर अम्मा केरल के हॉस्टल में वार्डन रह चुकी हैं. उन्होंने कहा कि स्कूल के दिनों में वह स्काउट और गाइड में सक्रिय थीं.

मीडिया को एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया, “हमें बचपन से नागरिक शिष्टाचार सिखाया गया था. एक समय ऐसा भी था जब बस में सीट के लिए संघर्ष करना पड़ता था.” उनके अनुसार, नियमों का पालन करना और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करना हर नागरिक का कर्तव्य है.

MVD ने किया सम्मानित और रद्द किया लाइसेंस

इस घटना पर केरल राज्य मोटर वाहन विभाग (MVD) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूटर सवार का लाइसेंस निलंबित कर दिया और उसके ख़िलाफ़ ट्रैफ़िक उल्लंघन का मामला दर्ज किया. MVD ने प्रभावती अम्मा के साहस की सराहना करते हुए उन्हें ‘पोनाडा’ ओढ़ाकर सम्मानित भी किया.

सोशल मीडिया पर छाईं ‘फ़ाइटर अम्मा’

प्रभावती अम्मा के साहस की सोशल मीडिया पर काफ़ी सराहना हुई. वहीं केरल के परिवहन मंत्री केबी गणेश कुमार ने प्रभावती अम्मा को फ़ोन कर बधाई दी. उन्होंने कहा कहा कि समाज को फिर से मज़बूत बनाने के लिए नागरिकों की ऐसी प्रतिक्रियाएं बेहद ज़रूरी हैं.

एक ज़िम्मेदार नागरिक बनें

आज प्रभावती अम्मा या केरल की ट्रैफ़िक अम्मा ने हम सबको अपनी एक आवाज़ से यह सिखा दिया है कि यह देश हमारा घर है. यहां अगर कुछ गलत हो रहा है तो चुप रहने के बजाय उसके प्रति सही तरीके से आवाज़ उठाइए.

आपकी आवाज़ बहुत से लोगों में बदलाव ला सकती है. आपकी आवाज़ नियमों का पालन करने के लिए मजबूर कर सकती है. प्रभावती अम्मा के इस कदम, उनकी नियमों के प्रति सजगता और उनके साहस को हम सलाम करते हैं.

उम्मीद है कि अगली बार जब आपको सड़कों पर या कहीं भी नियमों का उल्लंघन करते कोई दिखे, तब आप उसे नज़रअंदाज़ नहीं करेंगे, बल्कि प्रभावती अम्मा जैसे एक ज़िम्मेदार नागरिक की तरह अपनी भूमिका निभाएंगे.

Comments

Write Your Comment