• Zindagi With Richa
  • 18 June, 2026
blog-image

बच्चों का स्क्रीन टाइम: आंखें और दिमाग़ को नुक़सान से बचाने के 5 उपाय

Ashlesha Thakur

क्या आपके घर में भी ऐसा होता है कि बच्चे के हाथ से मोबाइल लेते ही वह ज़ोर-ज़ोर से रोने लगता है, ज़िद्दी हो जाता है या घर सिर पर उठा लेता है? आज के समय में ज़्यादातर मां-बाप इसी समस्या से जूझ रहे हैं. रील, यूट्यूब और वीडियो गेम्स ने बच्चों को इस कदर जकड़ लिया है कि उनका असली बचपन कहीं खो गया है.

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यह ‘स्क्रीन टाइम’ आपके बच्चे की नाज़ुक आंखों और तेज़ी से विकसित हो रहे दिमाग़ के साथ अंदर ही अंदर क्या कर रहा है?

इस गंभीर विषय पर हमने मारेंगो एशिया हॉस्पिटल्स, गुरुग्राम की दो जानी-मानी विशेषज्ञों—डॉ. मुनिया भट्टाचार्य (सीनियर कंसल्टेंट- क्लिनिकल साइकोलॉजी) और डॉ. शिबल भारतीय (क्लिनिकल डायरेक्टर- ऑप्थल्मोलॉजी) से बात की. आइए जानते हैं कि यह डिजिटल लत बच्चों को कैसे खोखला कर रही है और बिना डांटे इसे कैसे सुधारा जा सकता है.

दिमाग़ का ‘फ़ास्ट रिवार्ड मोड’ और खोता हुआ फ़ोकस

बचपन में बच्चे का दिमाग़ गीली मिट्टी की तरह होता है. उसे जैसा आकार देंगे, वह वैसा ही बन जाएगा.

डॉ. मुनिया भट्टाचार्य बताती हैं कि शुरुआती सालों में बच्चा धैर्य, कल्पना और समस्या सुलझाना सीखता है. लेकिन जब वह हर कुछ सेकंड में बदलती इंस्टाग्राम रील्स या तेज़ आवाज़ वाले कार्टून देखता है, तो उसका दिमाग़ ‘फ़ास्ट रिवार्ड मोड’ (Fast Reward Mode) में चला जाता है. नतीजा? बच्चे को किताबें पढ़ना, शांति से बात करना या खिलौनों से खेलना बहुत धीमा और बोरिंग लगने लगता है. डॉ. मुनिया एक 8 साल के बच्चे का उदाहरण देती हैं जिसे स्कूल में ध्यान लगाने में दिक्कत थी. पता चला कि वह रोज़ 3 घंटे शॉर्ट वीडियो देखता था. जैसे ही उसका स्क्रीन टाइम कम करके उसे बाहर खेलने भेजा गया, हफ़्तों में उसका फ़ोकस वापस आ गया.

याद रखें: बच्चों का दिमाग़ मोबाइल के कंटेंट से नहीं, इंसानी कनेक्शन से बढ़ता है.

फ़ोन छीनने पर बच्चा आक्रामक क्यों हो जाता है?

जब बच्चा स्क्रीन पर होता है, तो उसके दिमाग़ को तुरंत मज़ा देने वाला केमिकल ‘डोपामाइन’ (Dopamine) मिलता है. ऐसे में अचानक मोबाइल छीन लेना वैसा ही है जैसे किसी की सबसे पसंदीदा चीज़ एकदम से झपट लेना. बच्चा जो ग़ुस्सा या आक्रामकता दिखाता है, वह बदतमीज़ी नहीं, बल्कि उसके अनरेगुलेटेड (Unregulated) दिमाग़ की प्रतिक्रिया है.

डॉ. मुनिया की अचूक सलाह: * फ़ोन छीनिए मत, उन्हें ‘ट्रांजिशन’ सिखाइए.

  • 10 मिनट पहले बताएं कि समय ख़त्म होने वाला है, फिर 5 मिनट पहले याद दिलाएं.
  • उन्हें विकल्प दें—जैसे लूडो खेलना, पार्क में टहलना या कोई कहानी सुनना. सीमाएं ज़रूर लगाएं, लेकिन बच्चे से संबंध तोड़कर नहीं.

नींद का दुश्मन: ब्लू लाइट और मूड स्विंग्स

क्या आपका बच्चा भी चिड़चिड़ा रहता है? इसका कारण सिर्फ़ व्यवहार नहीं, बल्कि उसकी अधूरी नींद हो सकती है.

स्क्रीन से निकलने वाली नीली रोशनी (Blue Light) दिमाग़ को संकेत देती है कि अभी ‘दिन’ है. इससे नींद लाने वाले हार्मोन ‘मेलाटोनिन’ (Melatonin) के स्राव में देरी होती है. बच्चा देर से सोता है और अगले दिन चिड़चिड़ेपन और थकान के साथ उठता है. सलाह यही है कि सोने से कम से कम 60 मिनट पहले स्क्रीन पूरी तरह बंद कर दें. उस वक़्त कमरे की रोशनी हल्की रखें और बच्चों को अच्छी कहानियां सुनाएं.

आंखें और चश्मे का बढ़ता नंबर: ‘मायोपिया’ का सच

अब बात करते हैं आंखों की. आजकल 3-4 साल के बच्चों को भी चश्मा लग रहा है.

डॉ. शिबल भारतीय स्पष्ट करती हैं कि मायोपिया (निकट दृष्टि दोष) का मुख्य कारण सिर्फ़ स्क्रीन नहीं, बल्कि ज़्यादा “Near Work” (यानी मोबाइल या किताब को बहुत पास से देखना) और आउटडोर एक्टिविटी (Outdoor Activity) की कमी है. लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखें एक ही जगह फ़ोकस रहती हैं. इससे बचने के लिए रोज़ाना कम से कम 90 मिनट धूप में खेलना (Outdoor Play) आंखों के लिए किसी संजीवनी बूटी से कम नहीं है.

ब्लू-लाइट चश्मे: फ़ायदा या सिर्फ़ मार्केटिंग गिमिक?

आजकल बाज़ार में ‘ब्लू-लाइट फ़िल्टर’ वाले चश्मों का बड़ा ज़ोर है. लेकिन डॉ. शिबल भारतीय इस मिथक को तोड़ती हैं. वह बताती हैं कि ये चश्मे स्क्रीन की चमक (Glare) तो कम कर सकते हैं, लेकिन यह साबित नहीं हुआ है कि ये आंखों को कोई स्थायी सुरक्षा देते हैं. सच कहा जाए तो यह फ़ायदे से ज़्यादा एक मार्केटिंग गिमिक (Marketing Gimmick) है.

आंखों को डिजिटल स्ट्रेन से बचाने के 4 गोल्डन रूल्स

डॉ. शिबल भारतीय ने बच्चों की आंखों को सुरक्षित रखने के लिए कुछ बेहतरीन उपाय बताए हैं:

  1. 20-20-20 रूल: हर 20 मिनट के स्क्रीन टाइम के बाद, बच्चे को 20 सेकंड के लिए आंखें बंद करने या 20 फ़ीट दूर देखने को कहें.
  2. थिंक एंड ब्लिंक (Think and Blink): स्क्रीन देखते वक़्त बच्चे पलकें झपकाना भूल जाते हैं, जिससे ड्राई आइज़ (Dry Eyes) की समस्या होती है. उन्हें सचेत होकर पलक झपकाना सिखाएं.
  3. दूरी और रोशनी: स्क्रीन हमेशा एक हाथ की दूरी पर होनी चाहिए और कमरे में सही लाइटिंग होनी चाहिए.
  4. आउटडोर प्ले: रोज़ 1.5 से 2 घंटे बाहर धूप में खेलना आंखों के स्वास्थ्य के लिए बेहद ज़रूरी है.

शुरुआत माता-पिता को करनी होगी

बच्चे हमारी बातें कम सुनते हैं और हमारी आदतें ज़्यादा अपनाते हैं. अगर मां-बाप खुद दिनभर फ़ोन पर रहेंगे, तो बच्चा भी स्क्रीन को ही सामान्य जीवन मानेगा. इसलिए घर में कुछ नियम बनाएं—जैसे डाइनिंग टेबल पर ‘नो फ़ोन ज़ोन’ या शाम को 30 मिनट का ‘फ़ैमिली टाइम’. बच्चों को स्क्रीन से दूर करने का सबसे अच्छा तरीक़ा है, उन्हें अपने करीब लाना.

Comments

Write Your Comment