• Zindagi With Richa
  • 14 June, 2026
blog-image

जो खून किसी की जान बचाता है, वो आपके अपने दिल को भी मज़बूत करता है

Ashlesha Thakur

“रक्तदान कीजिए, किसी की जान बचाइए!” बचपन से लेकर आज तक, हमने यह नारा अनगिनत बार सुना है. यह बात सौ प्रतिशत सच है कि आपका दिया हुआ खून, अस्पताल के किसी बिस्तर पर ज़िंदगी की जंग लड़ रहे इंसान की बुझती हुई उम्मीद को फिर से ज़िंदा कर देता है.

लेकिन ज़रा रुकिए! आज विश्व रक्तदाता दिवस (World Blood Donor Day) के इस ख़ास मौक़े पर, हम उस अनजान मरीज़ की बात नहीं करेंगे. आज सिर्फ़ आपकी बात करते हैं. आइए जानते हैं कि जब वह सुई आपकी नस में चुभती है, तो वह केवल किसी और का जीवन नहीं बचा रही होती, बल्कि आपके अपने शरीर में एक जादुई बदलाव कर रही होती है.

एक कहानी, जो हम सबकी है…

पिछले साल मेरी मुलाक़ात मेरे एक कलीग से हुई. उम्र करीब 30-32 साल रही होगी. हमेशा की तरह थका हुआ, तनाव में और चिड़चिड़ा महसूस कर रहा था. ऑफ़िस के पास ही एक ब्लड डोनेशन कैंप लगा था. उसने यूं ही मन बदलने के लिए पहली बार रक्तदान कर दिया.

अगले दिन जब वह ऑफ़िस आया, तो उसके चेहरे पर एक अलग ही चमक थी. उसने कहा, “यार, कल रात जो नींद आई न, वैसी बरसों से नहीं आई थी. अंदर से बहुत हल्का और बहुत अच्छा महसूस कर रहा  हूँ.”

यह उसका दिमागी वहम नहीं था बल्कि इसके पीछे विज्ञान का पूरा एक मैकेनिज़्म काम कर रहा था. आइए रक्तदान के फ़ायदे विस्तार से समझते हैं, जो ब्लड डोनेट करने के बाद हर डोनर को शारीरिक और मानसिक रूप से मज़बूत बनाते हैं.

आपका अपना ‘फ़्री’ और फुल बॉडी चेकअप

रक्तदान करने से पहले डॉक्टर आपका एक मिनी मेडिकल चेकअप करते हैं. आपका ब्लड प्रेशर, पल्स, हीमोग्लोबिन और शरीर का तापमान चेक किया जाता है. इसके अलावा, आपके खून की HIV, हेपेटाइटिस B और C जैसी गंभीर बीमारियों के लिए मुफ़्त जांच होती है. क्या यह किसी अच्छी लेबोरेटरी के उस ‘फ़्री टेस्ट’ जैसा नहीं है जो आपके शरीर की अंदरूनी सच्चाई आपको बता देता है?

नया खून, नई ऊर्जा का विस्फोट!

जैसे ही आप रक्तदान करते हैं, आपका शरीर तुरंत ‘अलर्ट मोड’ में आ जाता है. बोन मैरो (Bone Marrow) तेज़ी से नई और ताज़ा रेड ब्लड सेल्स (Red Blood Cells) बनाना शुरू कर देता है. यह बिलकुल वैसा ही है जैसे किसी पुरानी गाड़ी में नया इंजन ऑयल डाल दिया गया हो. यह ताज़ा खून आपको अंदर से ज़्यादा एक्टिव, तरोताज़ा और स्वस्थ बनाता है. मेरे उस कलीग की वह ‘नई ऊर्जा’ इसी नए खून का कमाल था!

हार्ट अटैक का ख़तरा होता है कम

क्या आपको पता है कि खून का गाढ़ा होना हार्ट अटैक का एक बड़ा कारण होता है? जब आप नियमित रूप से रक्तदान करते हैं, तो शरीर से अतिरिक्त आयरन (Iron) बाहर निकल जाता है. आयरन का सही बैलेंस खून को गाढ़ा होने से रोकता है, जिससे आपके दिल पर कम दबाव पड़ता है. आसान शब्दों में कहें तो जो दिल किसी और के लिए धड़कता है, वह अपने लिए भी ज़्यादा मज़बूत बन जाता है.

कैंसर का जोखिम होता है कम

शरीर में आयरन का बहुत ज़्यादा जमाव (Iron Overload) शरीर के अंगों को नुक़सान पहुंचाता है और लंबे समय में कैंसर जैसी बीमारियों का जोखिम बढ़ा सकता है. रक्तदान करने से शरीर का यह ‘आयरन बैलेंस’ एकदम सही रहता है, जो आपको कई तरह के कैंसर (ख़ासकर लिवर और लंग कैंसर) के ख़तरे से दूर रखता है.

वो सुकून जो किसी मॉल में नहीं मिलता

अंत में बात उस सबसे बड़े रक्तदान के फ़ायदे की, जिसे विज्ञान तो मानता ही है, पर आपका दिल भी गहराई से महसूस करता है, हेल्दी मेंटल हेल्थ और सुकून.

जब हम खून देकर बाहर निकलते हैं, तो यह अहसास कि हमारे इस 10 मिनट के काम ने किसी का घर उजड़ने से बचा लिया, किसी का हमसफ़र बचा लिया या किसी बच्चे की मुस्कान लौटा दी… जो सुकून देता है, वह दुनिया के किसी भी महंगे मॉल में ख़रीदारी करने से नहीं मिल सकता. यह आपके तनाव (Stress) को कम करता है और डिप्रेशन को दूर भगाता है.

तो इस बार जब आप ब्लड डोनेशन कैंप के पास से गुज़रें, तो यह मत सोचिए कि आप किसी पर एहसान कर रहे हैं. बस अपनी आस्तीन ऊपर कीजिए और मुस्कुराकर सोचिए “आज किसी और की सांसों के साथ-साथ, मैं अपनी सेहत को भी एक नया जीवन दे रहा हूं.”

तो इस बार जब आप ब्लड डोनेशन कैंप के पास से गुज़रें, तो यह मत सोचिए कि यह आपका किसी पर एहसान है. बस अपनी आस्तीन ऊपर कीजिए और मुस्कुराकर सोचिए  “आज किसी और की सांसों के साथ-साथ, मेरी अपनी सेहत को भी एक नया जीवन मिल रहा है.”

क्या आप तैयार हैं अपना पहला (या अगला) रक्तदान करने के लिए?

डिस्क्लेमर (Disclaimer): रक्तदान करने से पहले अपने डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह ज़रूर लें. कुछ विशेष स्थितियों जैसे गर्भावस्था (Pregnancy), एनीमिया (Anemia – खून की कमी), कमज़ोरी या अन्य गंभीर मेडिकल कंडीशन में रक्तदान करने की सलाह नहीं दी जाती है.

Comments

Write Your Comment