प्रदूषण और बच्चों के फेफड़े: स्मॉग सीज़न में इनहेलर का डर और 7 अहम सवाल
Ashlesha Thakur
दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में हर साल सर्दी आते ही हवा में ज़हर घुलने लगता है. प्रदूषण का यह स्मॉग सीज़न सबसे ज़्यादा असर बच्चों की सेहत पर डालता है. इस दौरान बच्चों में खांसी, सीने में घरघराहट और सांस लेने में तकलीफ़ के मामले तेज़ी से बढ़ जाते हैं.
प्रदूषण से बच्चों के फेफड़े कैसे प्रभावित होते हैं, बार-बार होने वाले इंफ़ेक्शन को कैसे पहचानें, और इनहेलर को लेकर पेरेंट्स का डर कितना जायज़ है? ऐसे ही 7 अहम सवालों के जवाब हमने जाने सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली के पल्मोनोलॉजिस्ट और डायरेक्टर, डॉ. विकास मित्तल से.
फेफड़ों पर होता खामोश नुक़सान
बच्चों के फेफड़े अभी विकास के चरण में होते हैं, इसलिए PM2.5 और अन्य प्रदूषक तत्वों का उन पर सीधा असर पड़ता है. लंबे समय तक या बार-बार इसके संपर्क में रहने से सांस की नलियों में सूजन आ सकती है और फेफड़ों की क्षमता घट सकती है. सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह नुक़सान तब भी हो सकता है, जब बच्चे में सांस से जुड़ी कोई परेशानी बाहर से दिखाई न दे. बचपन में प्रदूषण के लंबे संपर्क में रहने से आगे चलकर क्रॉनिक बीमारियों का ख़तरा बहुत बढ़ जाता है.
असली वजह क्या है: प्रदूषण या इंफ़ेक्शन?
प्रदूषण के कारण होने वाली जलन और वायरल इन्फ़ेक्शन में फ़र्क करना ज़रूरी है. प्रदूषण की वजह से होने वाली खांसी अक्सर बाहर जाने पर या ज़्यादा AQI वाले दिनों में बढ़ती है, जिसके साथ आंखों और गले में जलन भी होती है. वहीं, वायरल इन्फ़ेक्शन में बुख़ार और नाक बहने जैसे लक्षण ज़्यादा होते हैं. कई बार प्रदूषण पहले से मौजूद इन्फ़ेक्शन को और गंभीर बना देता है. ऐसे में डॉक्टर मेडिकल हिस्ट्री और ऑक्सीजन लेवल जांच कर ही सही कारण का पता लगाते हैं.
पेरेंट्स के लिए ख़तरे के संकेत
अगर आपके बच्चे में नीचे दिए गए लक्षण दिखें, तो घरेलू नुस्खों पर वक़्त बर्बाद न करें और तुरंत डॉक्टर के पास जाएं:
-
सांस लेते समय छाती की त्वचा का अंदर खिंचना.
-
होंठों का नीला पड़ना या असामान्य रूप से सुस्त होना.
-
बच्चे का सामान्य रूप से बोल न पाना.
-
खांसी की वजह से रात में बार-बार नींद टूटना.
-
खांसी का 2 से 3 हफ़्ते से ज़्यादा समय तक लगातार बने रहना.
नींद और एकाग्रता पर पड़ने वाला असर
वायु प्रदूषण सिर्फ़ बच्चों के फेफड़े ख़राब नहीं करता, बल्कि हवा के छोटे कण शरीर में सूजन पैदा कर दिल और दिमाग़ की सेहत को भी नुक़सान पहुंचाते हैं. रात भर होने वाली खांसी से बच्चों की नींद ख़राब होती है, जिससे वे दिन भर थका हुआ महसूस करते हैं. इसका सीधा असर स्कूल में उनकी एकाग्रता (Concentration) और सीखने की क्षमता पर पड़ता है. साथ ही, उनका स्टैमिना कम होने लगता है और वे बाहर खेलने से बचने लगते हैं.
इनहेलर और नेबुलाइज़र को लेकर फैला डर
ज़्यादातर पेरेंट्स को लगता है कि इनहेलर की लत पड़ जाएगी, लेकिन मेडिकल साइंस में ऐसा नहीं है. इनहेल्ड कॉर्टिकोस्टेरॉइड्स सांस की नलियों में सूजन कम करने में बेहद मददगार हैं, ख़ासकर अस्थमा वाले बच्चों के लिए. यह बीमारी को अचानक गंभीर होने से रोकते हैं. इलाज हमेशा बच्चे की ज़रूरत के हिसाब से तय होता है, इसलिए डॉक्टर की सलाह के बिना न तो अपनी मर्ज़ी से कोई दवा शुरू करें और न ही उसकी डोज़ में बदलाव करें.
बच्चों को बड़ों से ज़्यादा ख़तरा क्यों?
बच्चे बड़ों की तुलना में ज़्यादा तेज़ी से सांस लेते हैं, जिसका मतलब है कि वे अपने वज़न के अनुपात में ज़्यादा प्रदूषित हवा अंदर खींचते हैं. इसके अलावा, बच्चों की लंबाई कम होती है, जिस कारण वे ज़मीन के ज़्यादा क़रीब होते हैं (जहां भारी प्रदूषक कण ज़्यादा होते हैं). उनका इम्यून सिस्टम पूरी तरह विकसित नहीं होता, इसलिए प्रदूषण उन्हें बड़ों के मुक़ाबले ज़्यादा तेज़ी से बीमार करता है.
एयर प्यूरिफ़ायर और N95 मास्क कितने कारगर?
अगर N95 मास्क बच्चे के चेहरे पर सही तरीके से फ़िट हो, तो यह प्रदूषण के कणों को अंदर जाने से काफ़ी हद तक रोक सकता है. घर के अंदर HEPA फ़िल्टर वाले एयर प्यूरिफ़ायर भी हवा को काफ़ी साफ़ रखते हैं. लेकिन ध्यान रहे, मास्क या प्यूरिफ़ायर 100% सुरक्षा नहीं देते.
सलाह: जिन शिशुओं को मास्क हटाना नहीं आता, उन्हें मास्क न पहनाएं. भयंकर प्रदूषण वाले दिनों में खिड़कियां बंद रखें और बच्चों को बाहर ज़्यादा मेहनत वाले खेल खेलने से रोकें.